अंबिकापुर में हैवानियत: लव मैरिज के बाद पति ने गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा, प्राइवेट पार्ट में डाला लोहे का औजार; मौत…

0

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से घरेलू हिंसा और क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिठीकला में एक युवक ने अपनी 3 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की रेती (औजार) डाल दी। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद आरोपी पति शव छोड़कर फरार हो गया। मृतका की पहचान 23 वर्षीय हीराबाई के रूप में हुई है, जिसने आरोपी प्रदीप अगरिया से लव मैरिज की थी।
हादसे की झूठी कहानी गढ़ी, मौत का पता चलते ही भागा
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर प्रदीप अगरिया ने अपनी पत्नी हीराबाई को इस कदर पीटा कि वह बेसुध हो गई। इसके बाद वह उसे बाइक पर बांधकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। पकड़े जाने के डर से उसने डॉक्टरों को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने हीराबाई को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही प्रदीप अस्पताल में ही शव छोड़कर अपनी बाइक से फरार हो गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्रूरता का खुलासा, शरीर पर चोट के 16 निशान
गुरुवार को परिजनों के न मिलने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया था। शुक्रवार को जब परिजन पहुंचे, तब शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के 16 निशान मिले हैं।
मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत ने घटनास्थल (घर) का निरीक्षण किया। घर के कमरे, मुख्य दरवाजे और सामानों पर खून के गहरे धब्बे मिले हैं। महिला को घसीटे जाने के निशान भी बरामद हुए हैं।

5 साल की मासूम बेटी बनी चश्मदीद
इस पूरी हैवानियत की गवाह दोनों की 5 वर्षीय मासूम बेटी बनी। बच्ची ने सहमे हुए पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी आंखों के सामने मां को बेरहमी से पीटा। वह डर के मारे एक कोने में दुबक कर रोती रही। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश तेज कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here