हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर-रामानुजगंज : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कुसमी में पदस्थ एसडीएम (SDM) करुण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 60 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने यह कड़ी कार्रवाई की है। किसी राजपत्रित अधिकारी पर सीधे हत्या का मामला दर्ज होने से पूरे प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।
क्या हैं मामला
बलरामपुर जिले के हंसपुर में अवैध बॉक्साइट खनन की सूचना मिलने के बाद मौके पर कुसमी एसडीएम पहुंचे थे, इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के साथ विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ रॉड और डंडों से मारपीट की। इस मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
SDM समेत 4 के विरुद्ध अपराध दर्ज
बलरामपुर जिले के करोंधा थाना क्षेत्र के हंसपुर में ग्रामीण की हत्या के मामले में कुसमी एसडीएम करुण डहरिया समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ग्रामीण की हत्या और मारपीट के मामले में एसडीएम करुण डहरिया और उसके सहयोगी विक्की सिंह, मंजीत यादव और सुदीप यादव के खिलाफ नामजद हत्या का अपराध दर्ज किया है।
ग्रामीण की मौत से तनाव
दरअसल, इस मामले को लेकर कुसमी में आज जमकर बवाल मचा। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन और चक्का जाम कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि दोपहर 3:30 बजे के बाद शॉर्ट पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की टीम ने एफआईआर दर्ज कर ली हैं और आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में लग गई हैं।
विवादों से घिरा। रहा है इनका करियर
करुण डहरिया का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। इससे पहले भी कुसमी में SDM के पद पर रहते हुए उन पर छह लाख रिश्वत लेने के आरोप लगे थे। वहीं 2022 में गरियाबंद जिले में जनपद सीईओ के पद पर रहते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा उन्हें ₹20000 रिश्वत लेते हुए भी गिरफ्तार किया था। 2019 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी करुण डहरिया हमेशा ही विवादों से घिरे रहे हैं, विवाद के बाद अब हत्या मामले में FIR ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।



