Home राजकीय छत्तीसगढ़ जल्द अमीर बनने की चाह में मासूम की हत्या! मानव अंग बेचने...

जल्द अमीर बनने की चाह में मासूम की हत्या! मानव अंग बेचने की थी कथित योजना, जशपुर पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा…

0

हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में साढ़े चार वर्षीय मासूम बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में गांव के ही 27 वर्षीय आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जल्द और अधिक पैसा कमाकर अमीर बनना चाहता था। इसी लालच में उसने मासूम की हत्या कर उसके शरीर के अंग निकालने और उन्हें बेचने की कथित योजना बनाई थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चलनी गोर्रापाठ निवासी मासूम जितेन्द्र राम 5 नवंबर से लापता था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान 7 नवंबर को गांव के एक खेत में पानी से भरे गड्ढे से बोरी में बंद बालक का शव बरामद हुआ। शव कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ था तथा मिट्टी से दबाया गया था। शव की हालत देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सोशल मीडिया पर तलाशे थे अंग बेचकर पैसे कमाने के तरीके

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी अमीर बनना चाहता था और इसके लिए सोशल मीडिया पर अधिक पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में मानव अंग बेचने का विचार आया। आरोप है कि 5 नवंबर को उसने मासूम जितेन्द्र को बहला-फुसलाकर अपनी झोपड़ी में बुलाया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी और शरीर से कुछ अंग निकाल लिए।

आरोपी की निशानदेही पर शरीर से निकाले गए अंग बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे शरीर से निकाले गए अंग तथा अन्य सामग्री बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम बच्चे की हत्या और उसके शरीर के अंग निकाले जाने की घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और बरामद साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच महत्वपूर्ण होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!