अंबिकापुर में गैरेज कर्मी की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या, करमा नाच के दौरान हुआ था विवाद; पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में..

0

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : शहर से लगे ग्राम खैरबार में एक गैरेज में काम करने वाले 27 वर्षीय युवक की उसके ही दो साथियों ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के पटना निवासी मृतक विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा (27 वर्ष), थाना चौक (मायापुर) निवासी रमेश सोनी के साथ खैरबार स्थित गैरेज में काम करता था और गैरेज के पास बने एक कमरे में ही रहता था। शनिवार की रात विश्वजीत अपने तीन साथियों—शनि, आकाश उर्फ चिंटू और एक अन्य आकाश के साथ गांव में करमा खेलने गया था। इस दौरान किसी बात को लेकर चारों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। विवाद के बाद विश्वजीत अपने साथी शनि के साथ कमरे पर लौट आया। लेकिन देर रात करीब दोनों आरोपी (आकाश उर्फ चिंटू और आकाश) कुल्हाड़ी लेकर कमरे में पहुंच गए। वहां उन्होंने पहले विश्वजीत के साथ मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर घातक प्रहार कर दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों को किया राउंडअप
घटना के समय कमरे में मौजूद तीसरे साथी शनि ने मामले की जानकारी गैरेज मालिक रमेश सोनी को दी, जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस को सूचित किया गया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी शनि के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपी आकाश उर्फ चिंटू और आकाश को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल हत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here