ग्राम लहपटरा में पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,,,मेहंदी, रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में महिलाओं और बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग…

0

हिंद स्वराष्ट्र लखनपुर/सरगुजा। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर द्वारा पोषण माह के अंतर्गत ग्राम लहपटरा, विकासखंड लखनपुर, जिला सरगुजा में पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों एवं आमजन को संतुलित आहार, पोषण, स्वच्छता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मेहंदी, रंगोली तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगोली और मेहंदी के माध्यम से प्रतिभागियों ने पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े संदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई, खान-पान और पोषण की स्थिति के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक मीना गोंड़ ने पोषण के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं और अभिभावकों से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कुपोषण की रोकथाम तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

इस अवसर पर आकांक्षी विकासखंड लखनपुर से नीति आयोग की प्रतिनिधि सुभिता शुक्ला भी उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता तथा बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक पोषण के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि परिवार में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाकर बच्चों के समुचित विकास तथा कुपोषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।

इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर के ब्यूरो प्रभारी हिमांशु सोनी ने पोषण माह के उद्देश्य और विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोषण से जुड़ी जानकारी को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि बच्चे स्वस्थ रहें और कुपोषण की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से पोषण संबंधी अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं मनोरंजक बनाने के लिए समर्पण लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा लोकगीत एवं लोक कला की प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने मनोरंजन के साथ-साथ पौष्टिक आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कुपोषण से बचाव का संदेश लोककला के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित ग्रामीणों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पोषण को केवल एक माह तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक आहार और स्वच्छता को अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन में महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here