सरगुजा में 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का फरार आरोपी तरुण जायसवाल पटना से गिरफ्तार, पुलिस टीम अंबिकापुर लाने रवाना…

0

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी तरुण कुमार जायसवाल को आखिरकार बिहार की राजधानी पटना से हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी स्थानीय उप सरपंच का पति है और घटना के बाद से अपनी एक महिला मित्र के साथ पटना में छिपा हुआ था। सरगुजा पुलिस की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाने के लिए पटना रवाना हो चुकी है।

दरअसल कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा 20 जुलाई को उप सरपंच के घर घरेलू कामकाज और खाना बनाने गई थी। इसी दौरान आरोपी तरुण जायसवाल ने उसे मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और दो बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि शोर न मच सके। वारदात के अगले दिन (21 जुलाई) आरोपी ने मामले को दबाने की नीयत से पीड़िता के पिता को 8 लाख रुपये देने का लालच दिया और एक पंचनामा भी तैयार करवाया। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

100 से अधिक ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर कराई FIR
घटना की जानकारी मिलते ही 22 जुलाई को लगभग 100 ग्रामीणों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस दबिश से ठीक पहले आरोपी अंबिकापुर के चोपड़ापारा स्थित अपने फ्लैट से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली थी।
उग्र प्रदर्शन और पुलिस पर लगे थे गंभीर आरोप
आरोपी की गिरफ्तारी न होने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया था। आरोपी के एक एसडीओपी (SDOP) और थाना प्रभारी (TI) का करीबी रिश्तेदार होने के चलते पुलिस पर उसे संरक्षण देने के आरोप लग रहे थे। बुधवार को सर्व आदिवासी समाज, भाजपा, कांग्रेस और स्थानीय ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का उग्र घेराव किया। सर्व आदिवासी समाज ने आरोपी की जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने और उसे भगाने में मदद करने वालों पर भी मामला दर्ज करने की मांग की थी।
सर्विलांस की मदद से पटना में पुलिस को मिली सफलता
बुधवार देर रात बिहार पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पटना में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस आरोपी की महिला मित्र के मोबाइल पर लगातार नजर रख रही थी। जैसे ही महिला मित्र का फोन चालू हुआ, पुलिस को सटीक लोकेशन मिल गई। सरगुजा पुलिस अब आरोपी को अंबिकापुर लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here