दिनदहाड़े बड़ी वारदात: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने से महिला सहायक संचालक से चैन स्नेचिंग…

0

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। गुरुवार दोपहर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय के ठीक सामने कोतवाली थाना के समीप बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने DEO कार्यालय में पदस्थ सहायक संचालक पूनम तिवारी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
भोजन कर वापस लौट रही थीं अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ पूनम तिवारी रोज की तरह गुरुवार को भी अपनी ड्यूटी पर आई थीं। दोपहर के समय वे भोजन करने के लिए अपनी स्कूटी से घर गई थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे वापस कार्यालय लौटीं, तो उन्होंने अपनी स्कूटी को कार्यालय के बाहर खड़ा किया।


कैसे हुई वारदात?

स्कूटी पार्क करने के बाद पूनम तिवारी जैसे ही पैदल ऑफिस के मुख्य गेट की ओर आगे बढ़ीं, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके। इससे पहले कि सहायक संचालक कुछ समझ पातीं, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी पलक झपकते ही बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए।
दफ्तर के बाहर मचा हड़कंप
अचानक हुई इस घटना से सहमी अधिकारी ने शोर मचाया, जिसे सुनकर दफ्तर का स्टाफ और आस-पास के लोग तुरंत बाहर आ गए। हालांकि, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। दिनदहाड़े सरकारी दफ्तर के बाहर हुई इस लूट की वारदात से विभागीय कर्मचारियों और आम जनता में भारी आक्रोश है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने  आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कार्यालय और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हेलमेट पहने बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here