महतारी वंदन योजना के KYC के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा; जांच में 113 महिलाओं के नाम पर 980 बोरी खाद का अवैध आहरण प्रमाणित, सीएससी संचालक पर आरोप…

0

कुंदीकला की महिलाओं ने राजपुर थाने में सौंपा ज्ञापन; 11 जुलाई तक खाद न मिलने और कार्रवाई न होने पर राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर चक्का जाम की चेतावनी।

हिंद स्वराष्ट्र राजपुर/बलरामपुर: बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला में महिलाओं के साथ महतारी वंदन योजना के नाम पर हुए बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। प्रशासन की जांच में यह प्रमाणित हो गया है कि गांव की 113 महिलाओं के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम से कुल 926 बोरी यूरिया और 54 बोरी डीएपी खाद का अवैध आहरण कर लिया गया। इस गंभीर मामले में गांव के ही सीएससी (CSC) सेंटर संचालक दीपक सांडिल्य और उसके भाई विनोद सांडिल्य की सीधी संलिप्तता सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंदीकला की पीड़ित महिलाएं भारी संख्या में राजपुर थाना पहुंचीं और कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट मांगी। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर और थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने महिलाओं को अब तक हुई प्रशासनिक जांच से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रतिवेदन एसडीएम के माध्यम से कलेक्टर को भेज दिया गया है और दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खेती प्रभावित, 13 जुलाई को चक्का जाम की चेतावनी:
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस फर्जीवाड़े की पहली शिकायत 25 जून 2026 को कलेक्टर, एसडीएम और राजपुर थाने में की गई थी, जिसके बाद 26 जून को पुनः लिखित आवेदन दिया गया। किसानों का कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने और कोटे का खाद फर्जी तरीके से निकाल लिए जाने के कारण उन्हें खरीफ सीजन की खेती के लिए खाद नहीं मिल पा रहा है, जिससे कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
महिलाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अल्टीमेटम दिया है कि यदि 11 जुलाई 2026 तक सभी प्रभावित किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराया गया और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो 13 जुलाई 2026 को राजपुर थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (NH-343) पर उग्र चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद फिलहाल महिलाएं वापस लौट गई हैं, लेकिन क्षेत्र में तनाव और आक्रोश बरकरार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here