हिंद स्वराष्ट्र करंजी/सूरजपुर: जिले के करंजी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बतरा डैम में सोमवार देर रात मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों की नाव पलट जाने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 3 ग्रामीण गहरे पानी में लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
प्रतिबंध के बावजूद रात में गए थे मछली पकड़ने
जानकारी के अनुसार, ग्राम राईं निवासी समयलाल उर्फ पांडे और जगपाल समेत कुल 9 ग्रामीण सोमवार रात करीब 12 बजे बतरा बांध में मछली पकड़ने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि डैम में रात के समय मछली पकड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध है, इसके बावजूद सभी लोग नाव के जरिए जलाशय के बीच में जाल बिछाने गए थे।
अचानक असंतुलित होकर पलटी नाव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब नाव डैम के बीचों-बीच पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार सभी 9 लोग गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद 6 लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि समयलाल उर्फ पांडे, जगपाल और एक अन्य ग्रामीण पानी में लापता हो गए।
परिजनों में कोहराम, रेस्क्यू टीम मौके पर
घटना के बाद सुरक्षित बचकर निकले लोगों ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम पर इकट्ठा हो गए। मंगलवार सुबह पुलिस और DDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।



