खड़गवां में किसानों को होली से पहले 64.31 करोड़ की सौगात

0

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह: होली पर्व से पहले किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। एमसीबी जिले के 15,852 कृषकों को कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपये 60 पैसे की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है।
खड़गवां विकासखंड में आयोजित किसान सम्मेलन सह राशि वितरण समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसके अन्नदाता किसान हैं और उनकी समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि होली से पहले खातों में राशि अंतरित कर सरकार ने अपना वादा निभाया है।
राज्य स्तर से 10,324 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान से राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि जारी की। इसी क्रम में मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
खड़गवां को 18.50 करोड़ से अधिक
खड़गवां विकासखंड के 2,987 किसानों को 11 करोड़ 84 लाख 31 हजार 941 रुपये 60 पैसे तथा कोड़ा क्षेत्र के 1,862 किसानों को 6 करोड़ 66 लाख 56 हजार 966 रुपये की राशि अंतरित की गई। कुल मिलाकर खड़गवां क्षेत्र को 18 करोड़ 50 लाख 88 हजार 907 रुपये 60 पैसे की सहायता प्रदान की गई।
जिले में लगभग 49 हजार किसान करीब 46 हजार हेक्टेयर में खेती करते हैं, जिनमें 33,840 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती होती है। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को 731 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजी गई है।
सरकार की योजनाओं पर जोर
मंत्री जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की है। पूर्व में 2,369 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा चुका था, जबकि शेष 731 रुपये की अंतर राशि अब जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि डीबीटी प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास, वनाधिकार पट्टा वितरण और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
खड़गवां में विकास कार्य
मंत्री ने बताया कि खड़गवां में कृषि महाविद्यालय का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। बरदर–गिद्धमुड़ी मार्ग विकास, उधनापुर नहर संचालन, रतनपुर एवं करवा अंजलि जलाशय से जल आपूर्ति जैसी योजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही खड़गवां में ही रजिस्ट्री सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, जनपद सदस्य श्याम बाई मरकाम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here