अम्बिकापुर :– अम्बिकापुर में दंपती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली हैं। दोनों के शव शुक्रवार की शाम उनके घर में लटके मिले। दंपती 3 दिन से घर से बाहर नहीं निकले थे। जब घर के अंदर से बदबू बाहर आने लगी तब परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो उनके खुदकुशी करने का पता चला। पुलिस को मौके से दो अलग-अलग सुसाइड नोट भी मिले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक मेन ब्रांच के पीछे रहने वाले विवेक गुप्ता (46) एक निजी कंपनी में कर्मचारी थे। वहीं उनकी पत्नी श्वेता गुप्ता (42) हाउस वाइफ थी। दोनो पति पत्नी मकान के फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर विवेक गुप्ता के छोटे भाई अपने परिवार के साथ रहते है। विवेक और श्वेता की शादी को करीब 20 साल हो चुका था, लेकिन उनको कोई बच्चा नहीं था।
पुलिस दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर घुसी
CSP पुष्कर शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात से दंपती को किसी ने घर से निकलते नहीं देखा था। आज शाम को जब घर में बदबू आई तो विवेक का छोटा भाई ऊपर देखने के लिए पहुंचा, लेकिन दरवाजा बंद था। उसने काफी देर दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों के सामने लॉक तोड़कर पुलिस अंदर घुसी।
दो अलग-अलग सुसाइड नोट मिले
अंदर बेडरूम में विवेक का शव फांसी से लटक रहा था, जबकि उसकी पत्नी का शव किचन में लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मौके से दो सुसाइड नोट भी मिले हैं। पुलिस अभी जांच करने की बात कहकर उसमें क्या लिखा है, इस बारे में बता नहीं रही है। हालांकि माना जा रहा है कि संतान नहीं होने के कारण दंपती ने ऐसा कदम उठाया है।
