हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर किशन शाह: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से नियंत्रण रखने के उद्देश्य से कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने संबंधित अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क पर लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त चालानी और कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, हाईवे किनारे किए गए अतिक्रमण, होटल-ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर भी नकेल कसने को कहा गया है।
ब्लैक स्पॉट पर सुधरेंगे सुरक्षा उपाय
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले के संवेदनशील इलाकों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर, रेडियम संकेतक और स्पीड ब्रेकर जैसे सुरक्षा उपायों को तत्काल दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
सभी 245 मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी अनिवार्य
नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध बिक्री को रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले की सभी 245 मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पहले से लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग व बैकअप की नियमित जांच करने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर निगरानी बढ़ाने और स्कूल-कॉलेजों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
अंत में, कलेक्टर ने पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने और नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








