हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल और सरगुजा जिला औषधि विक्रेता संघ के संयुक्त तत्वावधान में 29 नवंबर (रविवार) को फार्मासिस्टों की विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। शहर के होटल हरि मंगलम में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति तथा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यशाला में शामिल होने और कार्यक्रम का शुभारंभ करने के लिए सोमवार को सरगुजा औषधि विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान संघ के संरक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह टुटेजा, विजय अग्रवाल, अध्यक्ष अमित (मिंटू) अग्रवाल और उपाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार विश्वकर्मा (भानु) मौजूद रहे।
आकौशल विकास और नए नियमों की दी जाएगी जानकारी
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्टों के व्यावसायिक कौशल को निखारना और उन्हें फार्मेसी क्षेत्र में लागू नवीनतम नियमों व प्रावधानों से अवगत कराना है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
प्रदेश स्तर के पदाधिकारी होंगे शामिल
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल और सह-आयोजक सरगुजा जिला औषधि विक्रेता संघ हैं। कार्यशाला में काउंसिल के अध्यक्ष अरुण मिश्रा, रजिस्ट्रार अश्विन गुर्देकर सहित अन्य सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (CCDA) के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा व अन्य पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे।



