Home राजकीय झारखंड आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत की होगी CBI जांच, मुख्यमंत्री...

आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत की होगी CBI जांच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए आदेश…

0

हिंद स्वराष्ट्र रांची। झारखंड की आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस फैसले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इससे कुछ घंटे पहले ही पिठोरिया थाना प्रभारी को पद से हटा दिया गया था। थाना प्रभारी पर भी मामले में साजिश के आरोप लगाए गए थे।



जानकारी के अनुसार, निशा कुमारी भगत की 6 नवंबर को आत्महत्या से मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर झारखंड की JMM सरकार और कथित जमीन दलालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

निशा की मौत के बाद उनके माता-पिता ने इसे सामान्य आत्महत्या का मामला मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई थी। परिजनों ने निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि निशा भगत मामले की जांच अब CBI करेगी और इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने 7 नवंबर को निशा के पिता हांडू भगत की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। रांची ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के अनुसार, ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये धाराएं आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं।

अब मामले की जांच CBI को सौंपे जाने के बाद सभी की निगाहें केंद्रीय एजेंसी की जांच पर टिकी हैं। उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच से निशा कुमारी भगत की मौत से जुड़े तथ्यों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!