हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर-रामानुजगंज : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार दोपहर नान कार्यालय, बलरामपुर में की गई।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी शिवराज सिंह ने एसीबी अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि नान के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल द्वारा उनके काम के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए योजना तैयार की गई।
योजना के तहत एसीबी ने शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 22 हजार रुपये दिए। मंगलवार दोपहर शिकायतकर्ता ने जैसे ही नान कार्यालय में जिला प्रबंधक को रकम सौंपी, आसपास पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम ने जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अधिकारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसीबी टीआई शरद सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ने नान अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद नियोजित तरीके से कार्रवाई की गई, जिसमें अधिकारी को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।

