नशीले इंजेक्शन मामले में फरार आरोपी महेश नायक गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/चिरमिरी किशन शाह: पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के मामले में फरार चल रहे आरोपी महेश नायक को  गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 24 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 8,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इसी प्रकरण में पूर्व में आशीष जायसवाल को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से Rexogesic Buprenorphine Injection IP के 26 नग तथा Avil Pheniramine Injection IP के 26 नग, कुल 52 इंजेक्शन बरामद किए गए थे। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 53,200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया था। आशीष जायसवाल को 17 सितंबर 2026 को धारा 22(C) NDPS Act के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल महेश नायक घटना के बाद से फरार था। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे टिकरापारा से पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता बताए जाने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छोटी बाजार कब्रिस्तान के पास से Rexogesic Buprenorphine Injection IP के 12 नग और Avil Pheniramine Injection IP के 12 नग, कुल 24 इंजेक्शन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 8,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी महेश नायक को विधिवत गिरफ्तार कर 21 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक, आरक्षक सुरेश तिग्गा, सैनिक प्रमोद और सैनिक क्रमांक 158 रामजी गुप्ता सहित थाना चिरमिरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला एमसीबी पुलिस ने कहा है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here