हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट (बिलासपुर) के मुख्य न्यायाधीश पद पर नियुक्ति को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त करने की अनुशंसा की है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की सेवानिवृत्ति के बाद संभालेंगे कार्यभार
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की यह सिफारिश वर्तमान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। माना जा रहा है कि उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 4 सितंबर से पहले ही केंद्र सरकार द्वारा इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस होंगे
कॉलेजियम ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल को पदोन्नत कर राजस्थान हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है। सुप्रीम कोर्ट ने उनके पदोन्नति के साथ-साथ स्थानांतरण का आदेश भी जारी कर दिया है।
इन नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों के बाद अब केवल केंद्रीय कानून मंत्रालय द्वारा अधिसूचना जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।



