अवैध कटाई की खबर सामने लाने पर भड़के वनकर्मी, ग्रामीण से मारपीट का आरोप…

0

हिंद स्वराष्ट्र लखनपुर : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोसंगा में वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक ग्रामीण के साथ अभद्रता और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि जंगल में अवैध कटाई और अतिक्रमण की जानकारी मीडिया तक पहुंचाने से नाराज वनकर्मियों ने उसके घर पहुंचकर थप्पड़ मारे और गाली-गलौज की। घटना के वक्त मौके पर वन परिक्षेत्र अधिकारी के भी मौजूद होने की बात कही जा रही है, हालांकि रेंजर ने अपने सामने मारपीट से इनकार किया है।
अवैध कटाई का मामला उजागर होने के बाद गरमाया विवाद
लखनपुर क्षेत्र में लगातार जंगलों की अवैध कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर ग्राम लोसंगा निवासी रामप्रसाद, अन्य ग्रामीणों और मीडिया टीम ने ग्राम फैलपुर के जंगल का जायजा लिया था। इस दौरान बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई और वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास से जुड़े तथ्य सामने आए, जिन्हें मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
घर के बाहर बुलाकर पीटने का आरोप
ग्रामीण रामप्रसाद का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद 30 अगस्त की दोपहर वन विभाग के कुछ कर्मचारी गाड़ी से उनके घर पहुंचे। वाहन का हॉर्न बजाकर उन्हें नाम से बुलाया गया और बाहर आते ही उन पर मीडिया में जानकारी देने का आरोप लगाते हुए अभद्रता शुरू कर दी गई। आरोप है कि इस दौरान वनकर्मियों ने उन्हें कई थप्पड़ मारे।
मामला तूल पकड़ने पर गांव के सरपंच को फोन कर इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) रामनिवास दहायत भी वाहन में ही मौजूद थे।
रेंजर ने आरोपों को नकारा
इस संबंध में जब वन परिक्षेत्र अधिकारी रामनिवास दहायत से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने अपने सामने किसी भी तरह की मारपीट की घटना से साफ इनकार किया है। बहरहाल, इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के अमले के खिलाफ खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here