हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर / भैयाथान मुकेश गुप्ता : शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और शासकीय व्यवस्थाओं की सुस्ती दूर करने के लिए कलेक्टर रेना जमील शनिवार को पूरी प्रशासनिक टीम के साथ भैयाथान विकासखंड के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी, अस्पताल, मनरेगा कार्यों और सुदूर बस्तियों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम छोर में खड़े पात्र हितग्राही तक पहुंचना ही चाहिए, इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आंगनबाड़ी में बच्चों का निवाला परखा
ग्राम पंचायत मसिरा के पनिका पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले गर्म भोजन और टेक होम राशन टीएचआर की गुणवत्ता जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों के शारीरिक-मानसिक विकास के लिए हरी सब्जियां और संतुलित पोषण नियमित रूप से दिया जाए।
बसोर बस्ती में संवेदनशीलता, शिविर लगाने के निर्देश भी दिए
समौली ग्राम की बसोर बस्ती पहुंचकर कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को निर्देश दिए कि बस्ती में विशेष शिविर लगाकर शत-प्रतिशत बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, पात्र परिवारों के राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड तुरंत बनाए जाएं।
भिक्षावृत्ति छोड़ आत्मनिर्भर बनने की दी सीख
बस्ती की महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्होंने भिक्षावृत्ति जैसे कार्यों को छोड़ मनरेगा और स्व-सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल और हॉस्टल से जोड़ने के निर्देश दिए।
सिकल सेल पीड़ितों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारीयो निर्देश दिए
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान का औचक निरीक्षण कर कलेक्टर ने प्रसव कक्ष, ओपीडी, महिला वार्ड और एनबीएसयू वार्ड की व्यवस्थाएं देखीं। डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली दवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध इलाज सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, समौली के मेडिकल कैंप में सिकल सेल और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में माताओं को सलाह …..
एनआरसी वार्ड में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं से कलेक्टर ने सीधे बात की। उन्होंने डॉक्टरों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने और माताओं को डिस्चार्ज के बाद भी बच्चों के खान-पान का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी
विकास कार्य और हाइड्रो पावर प्लांट का भी जाकर जायजा लिया।

