हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम भिट्ठीकला में रविवार की शाम एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे चल रही तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी है।
सब्जी लेकर घर लौट रही थीं महिलाएं
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6.45 बजे ग्राम भिट्ठीकला की रहने वाली तीन महिलाएं मुख्य मार्ग पर स्थित बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो क्रमांक CG 15 EH-8874 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों महिलाएं वाहन के नीचे कुचल गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो, उड़े परखच्चे
महिलाओं को टक्कर मारने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जा भिड़ी। इस भिड़ंत में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई, हाईवे पर लगा जाम
हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक को वाहन से खींचकर बाहर निकाला और उसकी बेदम पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने उसे इतना मारा कि उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई है। घटना के बाद भिट्ठीकला मेन रोड पर आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस बल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मणिपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और घायल चालक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल भेजा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

