सरगवां में 20 करोड़ से बैराज और 10 करोड़ से बनेगी रिंग रोड..

0

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: मंगलवार को विधानसभा में प्रस्तुत राज्य बजट में सरगुजा संभाग के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी गई है। राज्य सरकार ने सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया और जशपुर सहित पूरे संभाग के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान किया है।

सड़क, सिंचाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए क्षेत्रीय विकास प्राधिकरणों के बजट में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बजट में घोषणाएं की गई हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज शहर के भीतर भारी वाहनों के दबाव को कम करने के लिए रिंग रोड निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। कोरिया से चिरमिरी मार्ग के उन्नयन के लिए 10 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान है, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
भैयाथान के तेलगांव से बुंदिया चौक तक सड़क निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दी गई है। कृषि और भू-जल स्तर में सुधार के लिए दो प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। सरगवां बैराज (अंबिकापुर) निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है। गज डैम (बैकुंठपुर) के उन्नयन के लिए 10 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं से हजारों हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। सरगुजा के लोगों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी होगी।

अंबिकापुर में 220 बिस्तर क्षमता वाले जिला चिकित्सालय के नए भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल के बनने से संभाग के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। क्षेत्रीय विकास को रफ्तार देने के लिए सरकार ने सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरण की राशि 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ कर दी है। इसी तरह बस्तर विकास प्राधिकरण के लिए भी 75 करोड़ का प्रावधान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here