मनेंद्रगढ़ को नए साल का बड़ा तोहफा
मिनी स्टेडियम के विकास को मिले 98 लाख, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी मनेंद्रगढ़ किशन शाह : नए साल की शुरुआत मनेंद्रगढ़ के खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल की विशेष पहल पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय खेल मैदान में स्थित मिनी स्टेडियम का आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 98 लाख रुपये की बजट स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 से मनेंद्रगढ़ प्रेसिडेंट क्लब द्वारा आयोजित फ्लड लाइट रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट के चलते हाई स्कूल ग्राउंड को मिनी स्टेडियम का दर्जा मिला था। लंबे समय से खेल मैदान के विस्तार और सुविधाओं के विकास की मांग की जा रही थी। वर्ष 2025 में आयोजित फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान क्लब के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह ने मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के समक्ष इस मांग को रखा था, जिस पर मंत्री ने मंच से ही एक करोड़ रुपये खर्च कर मैदान के विकास की घोषणा की थी।
घोषणा पर त्वरित कार्रवाई
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा मिनी स्टेडियम का विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार कर नगरीय प्रशासन विभाग को भेजा गया। इसके पश्चात मंत्री ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। परिणामस्वरूप 98 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
इस राशि से मिनी स्टेडियम में भव्य मंच, दर्शकों के लिए गैलरी, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक पवेलियन एवं अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
जल्द होगा भूमि पूजन
मिनी स्टेडियम के विकास की स्वीकृति से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जल्द ही भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर मनेंद्रगढ़ प्रेसिडेंट क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह सहित सुरजीत सिंह रैना, रमणीक सिंह रैना, हरीश गुप्ता, रविकांत सिंह राजपूत, प्रकाश त्रिपाठी, हर्षित गुप्ता एवं भूपेंद्र भंडारकर सहित क्लब के सभी सदस्यों ने मंत्री श्री जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here