Home सरगुजा संभाग अम्बिकापुर बिरला ओपन माइंड स्कूल के हॉस्टल के रोशनदान से कूदा मासूम छात्र,...

बिरला ओपन माइंड स्कूल के हॉस्टल के रोशनदान से कूदा मासूम छात्र, 4 आरोपी गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : शहर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल के हॉस्टल में नाबालिग छात्र की जान पर बन आने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए चार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। डिगमा स्थित बिड़ला ओपन माइंड स्कूल के हॉस्टल में हुए इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
मौत के मुंह से बचा छात्र, रोशनदान से लगाई थी छलांग

मिली जानकारी के अनुसार यह दिल दहला देने वाली घटना बीते 22 नवंबर 2026 की है। बिड़ला ओपन माइंड स्कूल, डिगमा के हॉस्टल में रहने वाले एक नाबालिग छात्र ने हॉस्टल से दो दिन पूर्व भागने की कोशिश की थी वह हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था लेकिन हॉस्टल संचालकों द्वारा उसे पकड़कर फिर से हॉस्टल ले जाया गया था और उसे कैद कर रखा गया था। जिसके बाद छात्र ने हॉस्टल के दूसरे तल्ले के रोशनदान से छलांग लगा दी थी इस हादसे में मासूम छात्र को बेहद गंभीर चोटें आई थीं। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बनारस रेफर कर दिया गया था जहां बच्चे का इलाज जारी हैं।
गंभीर धाराओं के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
बच्चे की जान से जुड़े इस संवेदनशील मामले में परिजनों की शिकायत पर थाना गांधीनगर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 755/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 127(2), 351(3), 125, 239, 3(5) के साथ-साथ किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 (बच्चों के प्रति क्रूरता) के तहत शिकंजा कसा और मामले की गहन विवेचना शुरू की।
जांच में मिले पुख्ता सबूत, चारों आरोपी गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने जब जांच आगे बढ़ाई, तो चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पुख्ता सबूत हाथ लगे। इसके बाद पुलिस ने बिना कोई देरी किए चारों को धर दबोचा:
1. उत्कर्ष किरण (41 वर्ष), पिता स्व. किरण कुमार सिंह — मूल निवासी मेदिनीनगर (झारखंड), हाल मुकाम: कृष्णा कुंज सरगवां, थाना गांधीनगर।
2.सूरज प्रकाश मित्तल (42 वर्ष), पिता स्व. सोहन लाल — मूल निवासी दादरमंडी पटना (बिहार), हाल मुकाम: कृष्णा कुंज सरगवां, थाना गांधीनगर।
3. अवधेश शर्मा (34 वर्ष), पिता धनेश्वर प्रसाद शर्मा — मूल निवासी कमल विहार रायपुर, हाल मुकाम: बिड़ला स्कूल कैंपस सरगवां, थाना गांधीनगर।
4. कुणाल गोयल (24 वर्ष), पिता भरत लाल अग्रवाल — मूल निवासी विद्यासागर कॉलोनी धनबाद (झारखंड), हाल मुकाम: कृष्णा कुंज सरगवां, थाना गांधीनगर।
पुलिस की दो टूक: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। सरगुजा पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए कड़ा संदेश दिया है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े किसी भी अपराध में लापरवाही या क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषियों के विरुद्ध इसी तरह सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!