हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह : कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 स्थित इमली गोलाई के पास मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे बाइक और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की पहचान प्रमिला (20 वर्ष), पिता खिलावन सिंह, निवासी नवगई तथा भवन सिंह (27 वर्ष), निवासी नवगई के रूप में हुई है। वहीं हादसे में भूमिका (18 वर्ष), निवासी बरबसपुर गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल भूमिका को तत्काल मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया
भीषण टक्कर हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दो लोगों की मौत की खबर से मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, ट्रक और बाइक की टक्कर कैसे हुई तथा हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



