हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर किशन शाह : जिले में अवैध कारोबार और जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम बहालपुर के जंगल में देर रात घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 16 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके पास से नकदी और मोबाइल सहित कुल 2 लाख 36 हजार 790 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और एमसीबी जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एमसीबी और नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के मार्गदर्शन में सूचना मिली कि ग्राम बहालपुर के जंगल में बड़े स्तर पर जुआ चल रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर 10 नवंबर 2026 की देर रात जंगल में दबिश दी गई।
नकदी और मोबाइल फोन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 16 जुआरियों को पकड़ा, जो मुख्य रूप से चिरमिरी (डोमनहिल, गोदरीपारा, बड़ा बाजार) और कोरिया जिले (बैकुंठपुर, पटना) के निवासी हैं। पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:

• नकद राशि: 75,150 रुपये
• मोबाइल फोन: 12 नग मोबाइल (कीमत लगभग 1,61,000 रुपये)
• अन्य सामग्री: 52 पत्ती ताश की 2 गड्डी (60 रुपये), 2 दरी (500 रुपये) और 1 सीएफएल बल्ब (80 रुपये)
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी 16 आरोपियों के खिलाफ थाना खड़गवां में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल, प्रशिक्षु उप निरीक्षक त्रिलोक साहू, सहायक उप निरीक्षक शेष नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेश गौड़, विश्वनाथ सिंह, आरक्षक उदयभान, शाहिद परवेज, गणेश सिंह, संजय सोनवानी, सहदेव सिंह और सैनिक विनय श्याम की सराहनीय भूमिका रही।




