हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दीपावली के मौके पर घर लाए गए एक छोटे से पटाखे (लहसुन बम) को मुंह में चबाने से डेढ़ वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह है पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा निवासी इंद्रजीत मांझी (26), जो वाहन चालक का काम करते हैं, दीपावली पर बच्चों के लिए कुछ पटाखे घर लेकर आए थे। 9 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे उनका डेढ़-दो साल का बेटा आदित्य घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते मासूम आदित्य ने एक ‘लहसुन पटाखा’ (लहसुन बम) को मुंह में डालकर चबा लिया, जिससे वह उसके मुंह के भीतर ही फट गया।
विस्फोट इतना खतरनाक था कि बच्चे के मुंह का ऊपरी हिस्सा (होंठ और मसूड़े को जोड़ने वाली नस) बुरी तरह कट गया और तुरंत खून बहने लगा। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ हालत देख उनके होश उड़ गए। अन्य बच्चों ने बताया कि आदित्य ने खेलते-खेलते पटाखा मुंह में डाल लिया था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजन घबराई हुई हालत में बच्चे को लेकर तुरंत सीतापुर शासकीय अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद खून का बहना रुक गया, जिसके बाद वे उसे घर ले आए। हालांकि, रात में बच्चे की तकलीफ फिर से बढ़ गई और उसके मुंह से दोबारा खून बहने लगा।
अगले दिन (10 नवंबर) परिजन उसे लेकर फिर से सीतापुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन रक्तस्राव पूरी तरह नहीं रुका। लगातार खून बहने के कारण शरीर में खून की मात्रा काफी कम हो गई और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। 11 नवंबर को गंभीर हालत में परिजन उसे लेकर होलीक्रॉस अस्पताल, अंबिकापुर पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकेगी और उसी रात उसने दम तोड़ दिया।
इस घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक छोटी सी लापरवाही ने परिवार का इकलौता चिराग बुझा दिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


