हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह:
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला मुख्यालय के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ इमली गोलाई के पास आज शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शाम करीब 6 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मनेंद्रगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इमली गोलाई के पास की है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात कारणों से ट्रक और उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इलाके में फैली सनसनी, पुलिस मौके पर मौजूद
इस भीषण सड़क हादसे के बाद से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल निर्मित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।





