सूरजपुर: जंगल में जुआ खिलाना थाना प्रभारी को पड़ा भारी, एसपी ने टीआई अलरिक लकड़ा और एक आरक्षक को किया निलंबित…

0

हिंद स्वराष्ट्र रामानुजनगर/सूरजपुर : सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमेली घाट के जंगलों में बड़े पैमाने पर संचालित हो रहे जुए के फड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामानुजनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा और आरक्षक (चालक) पंकज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 5 और 6 अप्रैल को सोशल मीडिया (फेसबुक, यूट्यूब) और प्रिंट मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में रामानुजनगर के कुमेली घाट जंगल में भारी संख्या में लोग दांव लगाते और जुआ खेलते नजर आ रहे थे। हैरानी की बात यह थी कि इस अवैध कृत्य में पुलिस लाइन सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक (चालक) पंकज सिंह भी जुआ खेलते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
एसएसपी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि थाना क्षेत्र में इतने वृहद स्तर पर अवैध जुआ संचालित होना थाना प्रभारी की संलिप्तता अथवा पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है। आदेश के मुताबिक, स्पष्ट निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण न रख पाना ‘कदाचरण’ की श्रेणी में आता है।


निलंबन और विभागीय जांच के आदेश
निरीक्षक अलरिक लकड़ा: अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोप में निलंबित कर रक्षित केंद्र (डीआरपी लाइन) सूरजपुर संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध प्राथमिक जांच के लिए बेनार्ड कुजूर (पु.अनु.अधि. प्रेमनगर) को नियुक्त किया गया है, जिन्हें 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी।
आरक्षक पंकज सिंह: पुलिस की छवि धूमिल करने और जुए में संलिप्तता के कारण आरक्षक को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच का जिम्मा अशोक गिरी (रक्षित निरीक्षक सूरजपुर) को सौंपा गया है।
पुलिस महकमे में मची खलबली
इस कार्रवाई ने जिले के अन्य थाना प्रभारियों को भी सख्त संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्तमान में दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार केवल गुजारा भत्ता देय होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here