हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 30 एवं 31 जनवरी 2026 को दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जिले में पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली एवं संसाधनों की समीक्षा कर उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
प्रथम दिवस का निरीक्षण
निरीक्षण के प्रथम दिवस पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा थाना जनकपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर में संधारित अभिलेख, शस्त्रागार, मालखाना, पंजी संधारण एवं संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने निर्देश दिए कि—
अपराधों के निराकरण में गति लाई जाए
जप्ती माल (कोयला, कबाड़, मोटरसाइकिल आदि) का न्यायालयीन प्रक्रिया अनुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए
अपराध नियंत्रण हेतु आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाए
इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा एसडीओपी कार्यालय भरतपुर-जनकपुर का निरीक्षण किया गया।
एसपी कार्यालय का निरीक्षण
तत्पश्चात आईजी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। सीमित स्टाफ के बावजूद सुचारु कार्य संपादन पर आईजी ने कर्मचारियों की सराहना की तथा बल की कमी को दूर करने हेतु आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही।
द्वितीय दिवस : रक्षित केंद्र एमसीबी का निरीक्षण
वार्षिक निरीक्षण के द्वितीय दिवस पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र मनेंद्रगढ़ में परेड की सलामी ली गई। इस अवसर पर परेड, मार्च-पास्ट एवं स्कॉट ड्रिल का आयोजन किया गया तथा अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट का अवलोकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रक्षित केंद्र का निरीक्षण
परेड उपरांत आईजी द्वारा रक्षित केंद्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें—
शासकीय वाहनों की अद्यतन स्थिति, रख-रखाव, लॉगबुक एवं अभिलेखों की जांच
स्टोर शाखा में सामग्री के समुचित रख-रखाव, समयबद्ध वितरण एवं उपकरणों के नियमित मेंटेनेंस हेतु निर्देश
आर्म्स शाखा में हथियारों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए
पुलिस दरबार का आयोजन
आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में रक्षित निरीक्षक हेमंत टोप्पो द्वारा रक्षित केंद्र मनेंद्रगढ़ में पुलिस दरबार का आयोजन किया गया। पुलिस दरबार में अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदोन्नति, स्थानांतरण, आवास एवं बैरक संबंधी समस्याएं सुनी गईं तथा उनके यथासंभव निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के दौरान—
पुलिस अधीक्षक – रत्ना सिंह (भा.पु.से.)
उप पुलिस अधीक्षक – तरसीला टोप्पो
एसडीओपी – एलेक्सियस टोप्पो
नगर पुलिस अधीक्षक, चिरमिरी – दीपिका
रक्षित निरीक्षक हेमंत टोप्पो
सहित समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

