हिंद स्वराष्ट्र लटोरी (सूरजपुर): राजस्व विभाग के कारनामों की फेहरिस्त में एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरजपुर जिले के लटोरी तहसील में जमीन हड़पने और बंदरबांट करने की नीयत से एक जीवित परिवार के अस्तित्व को ही कागजों से मिटा दिया गया। यहां हल्का पटवारी नंबर 11 पर आरोप है कि उन्होंने भू-माफियाओं के साथ मिलकर 5 बच्चों के पिता (स्व. सोहन) को राजस्व रिकॉर्ड में ‘निसंतान’ घोषित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम पंचायत लटोरी के खसरा क्रमांक 200, 205 और 217 राजस्व रिकॉर्ड में स्व. कृपाराम और सोहन के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज थे। विवाद तब शुरू हुआ जब इन दोनों की मृत्यु के बाद वारिसों के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
कृपाराम की मृत्यु के बाद उनके सिर्फ दो पुत्रों का नाम दर्ज किया गया, जबकि उनकी तीन पुत्रियों—रजमेत, देवती और देवकुमारी—का नाम जानबूझकर छोड़ दिया गया।
दूसरी ओर सबसे हैरान करने वाली धांधली सोहन के मामले में हुई। सोहन की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी भिन्सो, पुत्र बृजलाल, गुडडू (विकास) और पुत्रियां कविता व मालती जीवित हैं। इसके बावजूद पटवारी संतोष भनिया द्वारा जारी इस्तेहार (नोटिस) में सोहन को ‘निसंतान’ दर्शाया गया है।
भू-माफियाओं और वारिसों की मिलीभगत का आरोप
शिकायत के अनुसार, कृपाराम के वारिस रामखेलावन और रमेश ने कथित तौर पर भू-माफियाओं और राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सांठगांठ कर ली है। सोहन के कानूनी वारिसों को बेदखल कर इस पूरी विवादित भूमि को औने-पौने दाम पर बेचने की तैयारी की जा रही है। पटवारी संतोष भनिया द्वारा सोहन को निसंतान बताए जाने के पीछे की मुख्य वजह यही है कि जमीन के उत्तराधिकारियों की संख्या कम कर दी जाए ताकि विक्रय प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
जांच और सुधार की मांग
ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और वहां के जिम्मेदार नागरिकों द्वारा अब न्याय की गुहार लगाई गई है। उनकी मांग है कि:
* वर्तमान नामांतरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
* पटवारी द्वारा किए गए फर्जी इस्तेहार की उच्च स्तरीय जांच हो।
* स्व. कृपाराम और स्व. सोहन के सभी जीवित वारिसों (बेटियों सहित) के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएं।
“राजस्व विभाग की इस लापरवाही या मिलीभगत ने एक पूरे परिवार के कानूनी अधिकारों को खतरे में डाल दिया है। देखना होगा कि जिला प्रशासन इस ‘कागजी खेल’ के दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।”

